बारिश के बाद ठंडी हवाओं ने कराया सर्दी का अहसास, 24 घंटे में 7 डिग्री गिरा पारा

बारिश के बाद ठंडी हवाओं ने कराया सर्दी का अहसास, 24 घंटे में 7 डिग्री गिरा पारा


नई दिल्ली /  दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार रात शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक रुक-रुककर हुई। यूपी, हरियाणा और पंजाब में कहीं-कहीं ओले भी पड़े जिससे हवा ठंडी हुई। बादल रहे और धूप भी नहीं निकली जिससे तापमान में बड़ी गिरावट आई। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री ऊपर 27.5 डिग्री था जो 24 घंटे में 7 डिग्री नीचे गिरा और शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे 20.9 डिग्री दर्ज किया गया। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से बिगड़े मौसम के बीच बदले हवा के रुख के कारण रात का तापमान 3 डिग्री बढ़ा और सामान्य से 5 डिग्री ऊपर 15.8 डिग्री दर्ज किया गया। फरवरी में अधिकतम तापमान 1 फरवरी 19.9 डिग्री रहा था और 7 फरवरी को 20.1 डिग्री दर्ज किया गया था।


मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह 8.30 बजे से शुक्रवार सुबह 8.30 बजे के बीच सफदरजंग में 1.8 मिमी, पालम में 3.2 मिमी बारिश हुई। रात को बारिश और फिर बादलों के बीच तेज हवा के कारण दिन का पारा तेजी से नीचे गिरा। लोधी रोड, रिज, जाफरपुर, मंगेशपुर, नजफगढ़ और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स केंद्र पर अधिकतम तापमान 20 से नीचे दर्ज किया गया। दिन में सबसे अधिक सर्दी मंगेशपुर में रही जहां अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहा। यानी दिन और रात के तापमान में महज 2.5 डिग्री का अंदर रहा। दिल्ली की हवा में नमी की मात्रा 74-100 फीसदी के बीच रही।


अनुमान : वैज्ञानिकों के मुताबिक आज से बादल छंटेंगे और हवा की स्पीड भी कम होगी, इससे दिन का तापमान बढ़ेगा, सुबह धुंध रहने के आसार


क्यों बिगड़ा मौसम


भारतीय मौसम विभाग के मौसम वैज्ञानिक डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से ये बारिश हुई और तापमान में फर्क पड़ा है। जब कभी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आता है तो हवा का रुख बदलता है और दक्षिण-पूर्व के मैदानी इलाकों से हवा आती है। जो अचानक रात की गर्मी बढ़ा देती है और फिर बादल भी रहे हैं।


आगे क्या


मौसम की भविष्यवाणी करने वाली वेबसाइट स्काईमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने भास्कर से कहा कि बादल शनिवार से छंटने लगेंगे। धूप भी निकलेगी। अब सर्दी नहीं लौटेगी। दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर ही रहेगा। आईएमडी के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री व न्यूनतम 12 डिग्री दर्ज होगा।