गूगल में सबसे ज्यादा सर्च किए जाते हैं भगवान शिव; त्रिमूर्ति में भोले की लोकप्रियता ब्रह्मा और विष्णु से ज्यादा

गूगल में सबसे ज्यादा सर्च किए जाते हैं भगवान शिव; त्रिमूर्ति में भोले की लोकप्रियता ब्रह्मा और विष्णु से ज्यादा


रायपुर / शिव भोले हैं। इनकी पूजा का तरीका सरल है और इन्हें मनाना भी आसान है। यही वजह है कि त्रिमूर्ति में इनकी लोकप्रियता दोनों से कहीं ज्यादा है। ब्रह्मा को अगर चार यूजर्स सर्च करते हैं तो विष्णु को आठ और वहीं भोले शंकर को 100 यूजर्स तलाश करते हैं।   गुरुवार को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। इस मौके पर भास्कर ने साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से त्रिमूर्ति में सबसे ज्यादा लोकप्रियता किसकी है, यह जानने का प्रयास किया। गूगल ट्रेंड पर जो आंकड़े सामने आए वाे इस बात पर मुहर लगाते हैं कि शिवजी को देवों के देव महादेव क्यों कहा जाता है। विपत्ति के समय लोग राम और हनुमान की आराधना करते हैं, जबकि श्रीराम भगवान शिव को अपना आराध्य मानते हैं। हनुमान को शिव का रूद्र अवतार माना जाता है। यह भी एक वजह है कि भक्त शिव को ऊंचा दर्जा देते हैं।


सबसे ज्यादा शिवजी किए जाते हैं सर्च


साइबर एक्सपर्ट मोनाली गुहा के मुताबिक शिवजी को गूगल ट्रेंड पर 100% लोग सर्च करते हैं तो विष्णु को अधिकतम 8% और ब्रह्मा को महज 4% लोग ही सर्च करते हैं। शिवजी को महादेव के नाम से ज्यादा सर्च किया जाता है। ऐसा केवल भारत में नहीं है। मॉरीशस, बांग्लादेश, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देशों में भी बड़ी संख्या में लोग उन्हें सर्च कर रहे हैं।


भारतीय संस्कृति के कण-कण में शंकर


सनातन धर्म में सभी देवी-देवताओं का महत्वपूर्ण स्थान हैं। लोग एक साथ कई देवी-देवताओं को मानते हैं, लेकिन इनमें शिवजी ऐसे हैं जिन्हें लगभग हर हिंदू व्यक्ति अपना आराध्य मानता है। बचपन से लोग सुनते आते हैं कि शिव सबसे भोले हैं। भक्तों पर जल्दी प्रसन्न होते हैं। इसलिए शिवजी की लोकप्रियता भी ज्यादा है। - पं. मनोज शुक्ला