ट्रम्प परिवार समेत आज आगरा आएंगे; यहां ताज का दीदार करने से लिए 12 रूल्स फॉलो करने होंगे
आगरा / अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आज 2 दिवसीय दौरे पर भारत आए हैं। उनके साथ पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद जैरेड कुशनर भी हैं। शाम को वे परिवार के साथ आगरा पहुंचकर ताजमहल का दीदार करेंगे। ट्रम्प की यात्रा को खास बनाने के लिए एयरपोर्ट से ताजमहल तक के रास्ते में 21 जगहों पर 3000 कलाकार भारतीय कला और संस्कृति से उन्हें रूबरू कराएंगे। ट्रम्प का दौरे होने के कारण सोमवार दोपहर 12 बजे से ताजमहल आम पर्यटकों के लिए बंद हो जाएगा। इसके बाद यह मंगलवार सुबह ही खुलेगा। दैनिक भास्कर प्लस ऐप आपको बताने जा रहा है ऐसे 12 नियम, जो ताजमहल घूमने के दौरान पालन करना हर आम-ओ-खास के लिए जरूरी है...
कोई भी हथियार लेकर नहीं जा सकता
- ताज पर सीआईएसएफ और ताज सुरक्षा चौकी इंचार्ज के अलावा कोई भी व्यक्ति हथियार लेकर प्रवेश नहीं कर सकता। चाहे, वह किसी भी सुरक्षा एजेंसी का ही क्यों न हो।
- ताज में मैन गेट पर बैरिकैटिंग लगी रहती है। किसी भी देश के प्रधानमंत्री के आने पर ये हटाकर पूरा गेट खोला जाता है। ऐसे में अतिथि का प्रोटोकॉल मानते हुए कोई चेकिंग नहीं होती।
- ताजमहल में किसी देश के प्रधानमंत्री के आने पर आम लोगों के लिए बंद कर दिया जाता है। वह अकेले ही ताजमहल का दीदार करते हैं।
- कोई भी वीआईपी या आम नागरिक और ताजमहल में काम करने वाला व्यक्ति यहां बिना तलाशी प्रवेश नहीं कर सकता।
पेट्रोल और डीजल गाड़ियों के प्रवेश पर मनाही
- मुख्य गुंबद में कोई भी व्यक्ति जूते पहनकर नहीं जा सकता। इसके लिए उसे शू कवर मिलते हैं। ये सिर्फ विदेशी टिकट पर और वीआईपी गेस्ट को ही मिलते हैं।
- ताज के 100 मीटर की दूरी पर लगे बैरियर के अंदर कोई भी पेट्रोल या डीजल वाहन प्रवेश नहीं कर सकते। सिर्फ सुरक्षा और आरटीओ परमिट गाड़ियां ही प्रवेश कर सकती हैं।
- बैरियर के अंदर आने जाने के लिए बैट्री संचालित गोल्फ कार और वीआईपी बैट्री बस से ही पर्यटक अंदर जाते हैं। इसके अलावा पैदल भी आया जा सकता है।
- ताजमहल के किसी भी बैरियर पर पुलिसकर्मी आपकी तलाशी ली सकते हैं।
किसी देश का झंडा नहीं ले जा सकते
- ताजमहल के अंदर किसी न्यूज चैनल की आईडी और किसी भी तरह का माइक नहीं ले जाया जा सकता है।
- परिसर में रॉयल गेट के रेड प्लेटफॉर्म तक ही वीडियोग्राफी अलाउड है। इसके आगे के लिए पुरातत्व विभाग फीस लेगा। मुख्य गुंबद के अंदर फोटो अलाऊड नहीं है।
- ताजमहल परिसर में आप किसी भी तरह के खान-पान की सामग्री नहीं ले जा सकते। सिर्फ पानी की बोतल ही अंदर ले जाई जा सकती है।
- ताजमहल के अंदर किसी भी देश का झंडा या कोई प्रचार की बात लिखे हुए कपड़े नहीं जा सकते। धार्मिक कोट्स वाले कपड़े अलाउड हैं।